पुलिस ने किया खुलासा बीमा धनराशि पाने के उद्देश्य से की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

Aug 1, 2026 - 20:39
 0  31
पुलिस ने किया खुलासा बीमा धनराशि पाने के उद्देश्य से की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

सुमेरपुर (हमीरपुर), संवाददाता। ललपुरा पुलिस एवं एसओजी, सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अज्ञात महिला हत्याकांड का सफल अनावरण कर चार आरोपियों को घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार के साथ गिरफ्तार किया है। 

पुलिस के अनुसार हत्या बीमा क्लेम की रकम हासिल करने के उद्देश्य से सुनियोजित ढंग से की गई थी। पुलिस के मुताबिक 29 जुलाई को पौथिया के पास सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वायड की सहायता से साक्ष्य जुटाए। 

जांच के दौरान मृतका की पहचान रीता पत्नी अमर सिंह निवासी बमरौली, थाना मौदहा के रूप में हुई। 31 जुलाई को मृतका के पिता सर्वेश गुप्ता की तहरीर पर अमर सिंह व उसके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। 

विवेचना के दौरान पुलिस ने अमर सिंह के साथ अमित गुप्ता उर्फ राम, पुष्पेन्द्र सोनी उर्फ साहिल तथा अभय सिंह उर्फ गोलू की संलिप्तता के साक्ष्य जुटाए। चारों आरोपियों को 31 जुलाई की शाम कुण्डौरा रोड स्थित साई दांता आश्रम के पास से घटना में प्रयुक्त अर्टिगा कार व एक एयरटेल सिम के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पुष्पेन्द्र से बड़ी धनराशि उधार ले रखी थी। कर्ज चुकाने के लिए अमर सिंह को पत्नी रीता के नाम कराए गए जीवन बीमा का क्लेम हासिल करने की योजना में शामिल किया गया। योजना के तहत रीता को पौथिया नहर मार्ग पर बुलाया गया, जहां अर्टिगा कार से उसे कई बार कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow