प्रधानाचार्या पर किताबें बेचने का आरोप, ग्राम प्रधान ने एसडीएम से की निष्पक्ष जांच व तबादले की मांग
राठ (हमीरपुर), संवाददाता। विकास खंड क्षेत्र के ग्राम इटौरा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाचार्या पर बच्चों की पाठ्य पुस्तकों को कथित रूप से रद्दी के भाव बेचने का आरोप लगा है। मामले में ग्राम प्रधान ने उपजिलाधिकारी चित्रा निर्वाल को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और प्रधानाचार्या के स्थानांतरण की मांग की है।
ग्राम प्रधान का आरोप है कि विद्यालय में तैनात प्रधानाचार्या माया देवी द्वारा लगातार तीन दिनों तक बच्चों की किताबें कथित रूप से बेची गईं। उनका कहना है कि इस संबंध में वीडियो और फोटोग्राफ भी उपलब्ध हैं, जिनमें दो युवक विद्यालय परिसर से किताबों से भरे बोरे बाइक पर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता तथा प्रधानाचार्या विद्यालय समय में मोबाइल फोन के उपयोग में व्यस्त रहती हैं। ग्राम प्रधान का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और नियमित शिक्षण कार्य को लेकर बातचीत करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और केवल जांच का आश्वासन मिलता रहा।
शिकायती पत्र में विद्यालय में उपलब्ध पाठ्य पुस्तकों का भौतिक सत्यापन, स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई और प्रधानाचार्या के स्थानांतरण की भी मांग की गई है।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी शैलेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?