छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों की कार्यशाला आयोजित

Jul 25, 2026 - 21:35
 0  4
छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों की कार्यशाला आयोजित

आजमगढ़, संवाददाता। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में शिब्ली नेशनल इण्टर कालेज आजमगढ़ में कक्षा 9-10 एवं कक्षा 11-12 के समस्त शिक्षण संस्थानों के छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य वित्तीय वर्ष/शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों एवं नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ संपन्न कराएं तथा प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक योजना की जानकारी पहुंचाकर अधिकतम आवेदन सुनिश्चित करें।
    
बैठक में अवगत कराया गया कि पूर्वदशम छात्रवृत्ति कक्षा 9-10 एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति एवं कक्षा 11-12 योजनाओं के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के मूल निवासी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र/छात्राओं को शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार छात्रवृत्ति शैक्षणिक भत्ता/एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ प्रदान किया जाएगा।

जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायन सिंह द्वारा निर्देश दिये कि 23 जुलाई 2026 से 09 अगस्त 2026 तक छात्रवृत्ति पोर्टल पर प्रत्येक विद्यालय अपनी प्रोफाइल का लॉक/अपडेट कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कराए तथा पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन समयबद्ध रूप से भरवाकर उनका सत्यापन भी निर्धारित अवधि में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि या विलंब के लिए संबंधित संस्था एवं नोडल अधिकारी उत्तरदायी होंगे।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने सभी विद्यालयों से अपेक्षा किया कि छात्रवृत्ति योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे कोई भी पात्र विद्यार्थी जानकारी के अभाव में आवेदन से वंचित न रह जाए। साथ ही आवेदन पत्रों एवं अभिलेखों का सावधानीपूर्वक परीक्षण करते हुए शत-प्रतिशत पात्र छात्रों को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वर्षा अग्रवाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि छात्रों द्वारा आवेदन की हार्ड कॉपी नहीं उपलब्ध कराने पर आवेदन निरस्त कर दिया जाए, किसी भी स्थिति में संस्था स्तर पर आवेदन लम्बित न रखे जाएं। 
      
बैठक में समस्त शिक्षण संस्थानों के छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य आदि उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow