आगामी विधानसभा निर्वाचन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने की समन्वय बैठक

Nov 16, 2026 - 21:09
 0  12
आगामी विधानसभा निर्वाचन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने की समन्वय बैठक

अलीगढ़ (संवाददाता)। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन कार्यों के लिए नियुक्त प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन की सफलता काफी हद तक पूर्व तैयारियों पर निर्भर करती है। सभी अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्वाचन संबंधी निर्देशिकाओं का गहन अध्ययन कर अपने दायित्वों और प्रक्रियाओं को भली-भांति समझ लें। उन्होंने कहा कि युद्ध के मैदान में सफलता पूर्व तैयारी से तय होती है, इसी प्रकार निर्वाचन में भी प्रत्येक स्तर पर सतर्कता और सुव्यवस्थित तैयारी जरूरी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में छोटी सी त्रुटि भी गंभीर परिणाम उत्पन्न कर सकती है। इसलिए किसी भी प्रकार की शंका होने पर समय रहते उच्चाधिकारियों से उसका समाधान प्राप्त करें, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी भी स्तर पर चूक की गुंजाइश न रहे।

समन्वय बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने आगामी निर्वाचन की तैयारियों के सबंन्ध में मुख्य विकास अधिकारी को कार्मिकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण और मतदाता जागरूकता, एडीएम नगर को मजिस्ट्रेट तैनाती, यातायात एवं आदर्श आचार संहिता, पुलिस अधीक्षक यातायात को पुलिस एवं सुरक्षा व्यवस्था, एडीएम न्यायिक एवं चकबंदी अधिकारी को ईवीएम की जांच-रखरखाव, नियंत्रण कक्ष एवं शिकायत निस्तारण, जिला पंचायतीराज अधिकारी को निर्वाचन सामग्री एवं सांख्यिकीय सूचनाओं, एडीएम प्रशासन को टेंट, फर्नीचर एवं अन्य व्यवस्थाओं और एडीएम वित्त को निर्वाचन व्यय लेखा, वीडियोग्राफी, वेबकास्टिंग एवं मीडिया प्रबंधन के दायित्वों के प्रति सचेत किया।

उन्होंने बताया कि उप निदेशक कृषि शोध को मतपत्रों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को मतदाता सूची के मुद्रण एवं वितरण, नगर आयुक्त को सफाई एवं पेयजल, जिला पूर्ति अधिकारी को खानपान, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को दूरसंचार एवं इंटरनेट तथा सचिव एडीए को मतदान दिवस की व्यवस्थाओं के सबंन्ध में संवेदनशील रहने के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी नामित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, अधिनियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का गहन अध्ययन कर अपने दायित्वों का पूर्ण जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सहायक प्रभारी अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी निर्वाचन व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में सीडीओ योगेंद्र कुमार, एडीएम प्रमोद कुमार, संगीता देवी, सौरभ भट्ट, पुलिस अधीक्षक यातायात, सचिव एडीए राहुल विश्वकर्मा, रजिस्ट्रार प्रबुध्द सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, एसडीएम, डीडीओ, पीडी डीआरडीए, डीडी मंडी, अधिशासी अभियंता लोनिवि सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow