पराली जलाने पर प्रशासन की सख्ती, तीन किसानों पर 30 हजार रुपये का जुर्माना

Nov 15, 2026 - 20:39
 0  10
पराली जलाने पर प्रशासन की सख्ती, तीन किसानों पर 30 हजार रुपये का जुर्माना

अमेठी (संवाददाता)। जनपद में पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। इसी क्रम में तहसील गौरीगंज क्षेत्र में पराली जलाने के मामलों में प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है। 

उपजिलाधिकारी गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव ने बताया कि 13 नवंबर 2026 को तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में पराली जलाने की शिकायतों के संबंध में स्थलीय जांच कराई गई थी। जांच के दौरान ग्राम पचेहरी में पराली जलाने की पुष्टि होने पर शिव बहादुर यादव पर नियमानुसार 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। 

इसी प्रकार ग्राम अन्नी बैजल में पराली जलाने के मामले में अशोक कुमार सिंह पर 10,000 रुपये तथा ग्राम डेबरा में जगदीश प्रसाद पर 10,000 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया है। इस प्रकार तीन मामलों में कुल 30,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। 

उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पराली जलाने से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता है तथा मिट्टी की उर्वरा शक्ति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा पराली जलाने की घटनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में डुग्गी-मुनादी के माध्यम से भी किसानों को जागरूक करते हुए पराली न जलाने की सूचना एवं अपील प्रसारित कराई जा चुकी है। 

उन्होंने किसानों से अपील की कि फसल अवशेषों को खेतों में न जलाएं, बल्कि उनका उचित प्रबंधन करें। साथ ही चेतावनी दी कि पराली जलाने में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाने के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow