जैसलमेर में डेटिंग ऐप के जरिए युवक को मिलने बुलाकर बनाया बंधक, पुलिस ने 6 आरोपियों को पकड़ा
जैसलमेर। शहर में बंधक बनाकर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार डेटिंग ऐप के जरिए मुलाकात का झांसा देकर अपहरण किया। डेटिंग ऐप पर संपर्क में आए आरोपियों ने युवक को मिलने के बहाने बुलाया और कार में बैठाकर रामगढ़ बाइपास की ओर ले गए। रास्ते में तीन अन्य युवक भी कार में सवार हो गए। इसके बाद आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट कर उससे ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर करवा लिए।
वारदात की सूचना मिलते ही जैसलमेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ट्रांसफर की गई राशि पर भी होल्ड लगवा दिया है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और इस तरीके से अन्य वारदातों को अंजाम देने की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने मामले में संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार दोपहर 2 बजे अपहरण, मारपीट और ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर करवाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की तस्वीरें और वाहन नंबर जुटाए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुरेश सांखला और पुलिस उपाधीक्षक जैसलमेर रूप सिंह इंदा के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने आरोपियों के वाहन का पीछा किया और करीब दो घंटे के भीतर छह आरोपियों को पकड़ लिया। परिवादी से ट्रांसफर करवाई गई राशि पर भी होल्ड लगवा दिया गया है।
एसपी ने बताया कि प्रारंभिक अनुसंधान में सामने आया है कि परिवादी दुलेन्द्र भाटिया ने घटना वाले दिन सुबह करीब 10 बजे एक डेटिंग ऐप के माध्यम से दक्ष नामक युवक से संपर्क किया था और अपनी लोकेशन साझा की थी। आरोपी दक्ष उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर का निवासी है। उसने परिवादी को कार में बैठाया और रामगढ़ बाइपास की ओर रवाना हो गया। रास्ते में तीन अन्य युवक भी कार में सवार हो गए। इसके बाद आरोपियों ने परिवादी के साथ मारपीट कर उससे ऑनलाइन रुपए ट्रांसफर करवाए।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर यूजर अपनी आईडी बनाकर आसपास उपलब्ध लोगों से संपर्क कर सकते हैं और मुलाकात तय कर सकते हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी पक्ष वारदात से दो दिन पहले रात को जैसलमेर पहुंचा था। परिवादी ने ऐप पर आसपास उपलब्ध यूजर्स में आरोपी दक्ष को देखा और उससे संपर्क किया। उन्होंने बताया कि परिवादी भाटिया की इस ऐप पर पहले भी गतिविधियां रही हैं और वह इसके इस्तेमाल से भली-भांति परिचित था। घटना वाले दिन आरोपी से संपर्क के बाद मुलाकात तय हुई और इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया।
मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें अधिकांश उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर क्षेत्र के निवासी हैं। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड मंगवाया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में कितने मुकदमे दर्ज हैं और क्या उन्होंने इसी तरीके से अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है।
What's Your Reaction?