जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील फूलपुर में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
आजमगढ़ (संवाददाता)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में तहसील फूलपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को एक-एक कर गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इसलिए सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों को पूरी गंभीरता से लें तथा प्रत्येक प्रकरण का स्थलीय एवं अभिलेखीय परीक्षण करते हुए नियमानुसार निष्पक्ष निस्तारण करें। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलम्ब न किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों में स्थलीय जांच अथवा संयुक्त कार्रवाई की आवश्यकता हो, उनमें संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल मौके पर भेजा जाए तथा शिकायतकर्ता की उपस्थिति में समस्या का समाधान सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि ऐसा प्रभावी एवं स्थायी समाधान किया जाए, जिससे फरियादियों को वास्तविक राहत मिल सके और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि निस्तारित शिकायतों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई का स्पष्ट एवं तथ्यपरक विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाए। सभी विभागीय अधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 52 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 48 शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर वर्मा, उप जिलाधिकारी फूलपुर, परियोजना निदेशक सच्चिदानन्द सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?