डीएम ने सुनीं समस्याएं, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
अलीगढ़ (संवाददाता)। खैर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान संपर्क मार्ग निर्माण, चकमार्गों की पैमाइश, आय प्रमाण पत्र जारी करने, भूमि बंटवारे और लाभार्थीपरक विभागों से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि प्रकरण की वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने योग्य कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भूमि विवाद से संबंधित मामलों को थाना समाधान दिवस के लिए स्थानांतरित करते हुए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर दोनों पक्षों को सुनने और मौके की जांच के आधार पर विधिसम्मत एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व की पैंतीस, पुलिस की दो, विकास की दो एवं अन्य विभागों से पांच सहित 48 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 9 का मौके पर ही निस्तारण करा दिया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में गौमत के राजेन्द्र प्रसाद ने जमीन से कब्जा हटाए जाने, पिसावा के संजय कुमार ने आलमपुर हतला टेल से पिसावा नाले तक झाड़ी एवं अन्य अवरोध साफ कराए जाने, प्रवीन कुमार, महेश शर्मा, सुरेश चन्द्र, रामलाल ने सामूहिक रूप से स्वास्थ्य केंद्र खैर से धुंधी नगला गेट तक सौंदर्यीकरण कराए जाने, संजय शर्मा ने साइबर ठगी द्वारा निकाली गई धनराशि वापस कराए जाने संबंधी प्रार्थना पत्र दिए।
डीएम ने लेखपालों को निर्देशित किया कि विवादित मामलों में पुलिस टीम के साथ स्वयं मौके पर पहुंचकर अभिलेखीय आधार पर वास्तविक स्थिति की जांच करें। दोनों पक्षों को सुनते हुए न्यायसम्मत निर्णय के आधार पर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। राजस्व संबंधी विवादों में संबंधित विभागीय कर्मचारी को भी साथ रखने, दोनों पक्षों की बात सुनने और मौके की स्थिति को समझकर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?