राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ0 प्रियंका मौर्य ने जिला महिला चिकित्सालय में नवनिर्मित स्तनपान कक्ष का किया उद्घाटन
आजमगढ़ (संवाददाता)। राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्य ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालय में ओपीडी में आने वाली महिला मरीजों एवं उनके साथ आने वाले शिशुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवनिर्मित स्तनपान कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सालय में आने वाली माताओं एवं शिशुओं की सुविधा, निजता और सहजता को ध्यान में रखते हुए स्तनपान कक्ष की स्थापना एक सराहनीय कदम है। इससे महिलाओं को अपने शिशुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में स्तनपान कराने की सुविधा उपलब्ध होगी।
निरीक्षण के दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्य ने चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड एवं लेबर रूम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं एवं मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर चिकित्सालय में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, उपचार की गुणवत्ता तथा स्वास्थ्य कर्मियों के व्यवहार के संबंध में भी जानकारी ली।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं प्रसूताओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान गर्भवती प्रसूता की एनसीटी (नॉन-स्ट्रेस टेस्ट) मशीन के माध्यम से की जा रही जांच प्रक्रिया को देखकर उन्होंने चिकित्सकीय व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच एवं समय से आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाना अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे जच्चा-बच्चा दोनों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।
डॉ. प्रियंका मौर्य ने चिकित्सालय प्रशासन को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत निर्धारित व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन तक सुगमता, पारदर्शिता एवं बेहतर गुणवत्ता के साथ पहुंचना चाहिए। विशेष रूप से महिलाओं एवं गर्भवती माताओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
चिकित्सालय परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था एवं स्वच्छ वातावरण देखकर राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्य ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान प्रदान कर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि किसी भी चिकित्सालय में स्वच्छता का विशेष महत्व है और इसमें सफाई कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उनके समर्पण एवं मेहनत से ही मरीजों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
इसके साथ ही राज्य महिला आयोग की सदस्य ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आजमगढ़ का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, छात्राओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं तथा शिक्षण संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में संबंधित विभागों एवं संस्थानों को संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए, ताकि महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।
What's Your Reaction?