स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य शिविर, कार्यशाला एवं श्रमदान का हुआ आयोजन

Sep 21, 2026 - 20:51
 0  8
स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य शिविर, कार्यशाला एवं श्रमदान का हुआ आयोजन

अमेठी, संवाददाता। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत जनपद अमेठी में विभिन्न निकायों द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इसी क्रम में सोमवार को नगर पंचायत मुसाफिरखाना में समस्त कार्यालय कर्मचारियों एवं स्वच्छता कर्मियों की उपस्थिति में एक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला के दौरान स्थानीय चिकित्सक द्वारा उपस्थित कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। 

वहीं नगर पालिका परिषद गौरीगंज में भी कर्मचारियों एवं स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को ध्यान में रखते हुए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों द्वारा सभी उपस्थित कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता कर्मी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य का संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद गौरीगंज में अध्यक्ष प्रतिनिधि, अधिशासी अधिकारी एवं समस्त सभासदों की उपस्थिति में विशेष श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हित स्थलों पर सामूहिक रूप से श्रमदान कर साफ-सफाई अभियान चलाया गया तथा स्वच्छ किए गए स्थलों पर वृक्षारोपण भी किया गया। प्रतिभागियों ने स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण का संकल्प लेते हुए जनसामान्य से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को प्रेरित करने का संदेश दिया गया तथा सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow