सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

Sep 10, 2026 - 22:00
 0  11
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

अमेठी, संवाददाता। आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में अभियान के सफल संचालन, विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनसामान्य की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, जिला विकास अधिकारी वीरभान सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। 

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा काल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आम नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा राज्य सरकार के 10 वर्षों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी तथा लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। 

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम चरणबद्ध रूप से आयोजित किए जाएंगे। अभियान के शुभारंभ अवसर पर ‘सेवा दिवस’ एवं ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत रक्तदान शिविर, दिव्यांगजन कल्याण कार्यक्रम तथा सायं 7 बजे लाभार्थी परिवारों एवं प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी तथा सांस्कृतिक टोलियों द्वारा ‘नमो सेवा’ विषयक नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम, स्वास्थ्य मेले तथा विकासखंड स्तर पर ‘सेवा सेतु’ शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। 

अभियान के दौरान डिजिटल एवं सोशल मीडिया आधारित गतिविधियां, सेवा ज्योति कलश यात्रा, स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम ‘सेवा मेरा योगदान’, तथा ‘जनसेवा महाकुंभ’ जैसे विशेष आयोजन भी किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभागों से संबंधित लाभार्थियों का अद्यतन एवं प्रामाणिक डेटा-बैंक तैयार करें। साथ ही कार्यक्रम स्थलों का चिन्हीकरण, रूट व्यवस्था, विभागीय समन्वय तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। 

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा जनभागीदारी को मजबूत बनाना है। सभी अधिकारी अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित एवं जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से कार्य करें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow