जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित

Sep 10, 2026 - 21:59
 0  6
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित

अमेठी, संवाददाता। जनपद में स्वच्छता एवं ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कमेटी के अंतर्गत जिला स्वच्छता समिति की बैठक जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। 

बैठक में ग्राम पंचायतों में संचालित स्वच्छता एवं विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत शौचालय एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण तथा संचालन की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं तथा संचालित शौचालयों की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। 

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शौचालयों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने ओडीएफ प्लस की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में स्वच्छता के मानकों को बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। 

बैठक में आरआरसी सेंटर (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) के क्रियान्वयन एवं संचालन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए, जिससे ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान को स्थायी रूप से प्रभावी बनाया जा सके। इसके अतिरिक्त अंत्येष्टि स्थलों एवं जन सेवा केंद्रों के निर्माण एवं संचालन की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकें। जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से संबंधित योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, जिला विकास अधिकारी वीरभान सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी सहित अन्य संबंधित अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow