आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान ने जहरीला पदार्थ खाया, इलाज के दौरान तोड़ा दम

Jul 31, 2026 - 20:59
 0  17
आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान ने जहरीला पदार्थ खाया, इलाज के दौरान तोड़ा दम

सुमेरपुर (हमीरपुर), संवाददाता। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के बिरखेड़ा गांव में आर्थिक तंगी से परेशान एक किसान की कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। कानपुर के अस्पताल में शुक्रवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। 

मृतक के भाई राजकुमार वर्मा ने बताया कि 32 वर्षीय जितेंद्र वर्मा परिवार से अलग रहते थे। उनके हिस्से में करीब ढाई बीघा कृषि भूमि थी, जिसे उन्होंने गिरवी रख दी थी। खेती से परिवार का खर्च नहीं चल पाने पर वह ऑटो चलाकर पत्नी और तीन बच्चों का पालन-पोषण करते थे।

परिजनों के अनुसार, तीन दिन पहले उनका ऑटो खराब हो गया था। उसे ठीक कराने के लिए उनके पास पैसे नहीं थे। उन्होंने कई लोगों से आर्थिक मदद और उधार लेने का प्रयास किया, लेकिन कहीं से सहायता नहीं मिली। इसी परेशानी से व्यथित होकर गुरुवार सुबह करीब नौ बजे उन्होंने कथित तौर पर सल्फास खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें पहले सदर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया।

कानपुर में इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी ज्योति तथा तीन बेटे शुभम, सुभाष और अर्पित को छोड़ गए हैं। उनकी मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है। 

सुमेरपुर थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। यदि कोई तहरीर प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कानपुर में कराया जा रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow