जिलाधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान का किया शुभारंभ
हमीरपुर (संवाददाता)। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं आमजन को स्वच्छता और बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरूवार को जिलाधिकारी अशोक कुमार ने नगरपालिका चेयरमैन कुलदीप निषाद एवं मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनसाधारण को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर, 2026 तक पूरे जनपद में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी शहरी क्षेत्रों, नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण एवं समस्त ग्राम पंचायत क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
अभियान के दौरान व्यापक स्वच्छता अभियान चलाते हुए नालियों एवं झाड़ियों की सफाई तथा एंटी-लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। दिमागी बुखार, डेंगू, मलेरिया एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए निगरानी समितियों के माध्यम से घर-घर जागरूकता संदेश पहुंचाए जाएंगे तथा लोगों को इन रोगों से बचाव के आवश्यक उपायों की जानकारी दी जाएगी।
पेयजल की शुद्धता एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। दूषित पानी देने वाले हैंडपंपों को चिन्हित कर उन पर लाल निशान लगाया जाएगा, ताकि लोग ऐसे हैंडपंपों का पानी पीने से बचें और जलजनित बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी नागरिक अभियान में सक्रिय सहभागिता करें, अपने घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखें तथा जलभराव एवं गंदगी न होने दें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से अभियान को प्रभावी बनाते हुए संचारी रोगों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सकती है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० अल्का शुक्ला, बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकेश खरवार, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी राजेंद्र सिंह सहित स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?