गांव में उद्योग लगाइए, आत्मनिर्भर बनिए: खादी ग्रामोद्योग बोर्ड ने दी योजनाओं की जानकारी
अलीगढ़, संवाददाता। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित रोजगारपरक योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और युवाओं, महिलाओं एवं जीरो पॉवर्टी लाइन के अंतर्गत चिन्हित परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को तहसील गभाना सभागार में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विपणन विकास सहायता योजना के अंतर्गत किया गया।
शिविर का शुभारंभ उपजिलाधिकारी गभाना हरिश्चन्द्र ने किया। उन्होंने उपस्थित युवाओं एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि युवा अपने गांव में ही उद्योग स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं और अन्य बेरोजगार युवाओं को भी रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं।
तहसीलदार कृष्ण गोपाल, खण्ड विकास अधिकारी जवां अरविन्द कुमार, एसओ रेखा गोस्वामी, राजस्व निरीक्षक राकेश कुमार भारती, डीएलएसए के प्रतिनिधि राजा भानु, बीएसएनएल के सहायक महाप्रबंधक सत्यदेव, राजस्व निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार एवं जिला समाज कल्याण विभाग के प्रतिनिधि रमेश चन्द्र ने भी विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अजय वर्धन आचार्य ने उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि स्वरोजगार एवं शिक्षा के समन्वय से युवा अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।
कार्यक्रम में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संजीदा बेगम ने खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग की योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, उद्यमिता विकास एवं आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार हैं।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण युवाओं का शहरों की ओर होने वाला पलायन भी रोका जा सकता है। शिविर के दौरान उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से किया गया और योजनाओं के आवेदन, पात्रता एवं लाभ से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय के प्रधान सहायक संतोष कुमार शर्मा, कम्प्यूटर ऑपरेटर शुभम कुमार एवं गजेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
What's Your Reaction?