विश्वकर्मा जयंती पर ‘विश्वकर्मा टूलकिट वितरण योजना’ के तहत जनपद में 400 लाभार्थियों को वितरित किए गए टूलकिट
हमीरपुर, संवाददाता। विश्वकर्मा जयंती एवं सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर जनपद में कारीगरों, हस्तशिल्पियों एवं युवा उद्यमियों को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से ‘विश्वकर्मा टूलकिट वितरण योजना’ के अंतर्गत हमीरपुर एवं राठ विधानसभा क्षेत्र में टूलकिट वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। उपायुक्त उद्योग जयश्री के संयोजन में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों द्वारा कुल 400 लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए।
विकास भवन सभागार, कुछेछा में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति एवं सीडीओ अरुण कुमार सिंह द्वारा लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए। इस अवसर पर विधानसभा हमीरपुर क्षेत्र में 150 हलवाई एवं 200 दर्जी, कुल 350 लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान किए गए। टूलकिट प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को अपने पारंपरिक व्यवसाय एवं कौशल को स्वरोजगार के रूप में आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इसी क्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), राठ में आयोजित कार्यक्रम में विधायक राठ मनीषा अनुरागी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत द्वारा लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए। राठ क्षेत्र में 50 दर्जी लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत दो लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबी प्रदान की गई। वहीं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत रवीन्द्र कुमार राजपूत को रू0 5 लाख का डेमो चेक प्रदान किया गया। योजनाओं के माध्यम से युवाओं एवं कारीगरों को स्वरोजगार स्थापित करने तथा अपनी आय के साधनों को मजबूत करने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के माध्यम से कारीगरों एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा उन्हें उनके हुनर के आधार पर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शासन की योजनाओं की उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया। टूलकिट एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध होने से लाभार्थियों को अपने व्यवसाय को बेहतर संसाधनों के साथ आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी तथा रोजगार के अवसर सृजित करने में भी सहयोग मिलेगा।
इस प्रकार विश्वकर्मा टूलकिट वितरण योजना के अंतर्गत पूरे जनपद में कुल 400 लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए, जिसमें हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में 150 हलवाई एवं 200 दर्जी तथा राठ विधानसभा क्षेत्र में 50 दर्जी लाभार्थी शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को शासन द्वारा संचालित स्वरोजगार एवं उद्यमिता संबंधी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
What's Your Reaction?