मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत 601 जोड़ों के जीवन में आई खुशियों की नई सौगात, भव्य समारोह में थामा एक-दूजे का हाथ

Nov 5, 2026 - 21:33
 0  7
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत 601 जोड़ों के जीवन में आई खुशियों की नई सौगात, भव्य समारोह में थामा एक-दूजे का हाथ

आजमगढ़ (संवाददाता)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद आजमगढ़ में गुरुवार को सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। सावित्री बाई फुले राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय समारोह में उत्सव, उल्लास एवं मंगलगीतों के बीच कुल 601 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इनमें 600 हिन्दू जोड़ों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधानपूर्वक विवाह सम्पन्न कराया गया, जबकि एक मुस्लिम जोड़े का निकाह धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर देशभूषण कंडाकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में नवदम्पत्तियों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवन की नई शुरुआत की। इस अवसर पर जिलाधिकारी, एसएसपी, सीडीओ सहित उपस्थित अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद, शुभकामनाएं एवं उपहार भेंट कर उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की कामना की। शासन की ओर से पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता एवं गृहस्थी की स्थापना के लिए उपहार सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने नवदम्पत्तियों को शुभाशीष देते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से बेटियों का विवाह सम्मानजनक एवं गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के साथ ही उनके परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। योजना सामाजिक समरसता, समानता एवं सहयोग की भावना को भी मजबूत कर रही है।

उन्होंने योजना के अंतर्गत मिलने वाली सहायता के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में प्रति जोड़ा कुल एक लाख रुपये की धनराशि एवं आयोजन संबंधी व्यय की व्यवस्था की गई है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के सुखमय दाम्पत्य जीवन एवं गृहस्थी की स्थापना के लिए उसके बैंक खाते में अंतरित किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रत्येक जोड़े को प्रदान की जाती है। वहीं, शेष 15 हजार रुपये प्रति जोड़ा भोजन, पण्डाल, फर्नीचर, पेयजल, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था सहित आयोजन की अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर व्यय किए जाते हैं। इससे जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह के अवसर पर पहले से अधिक आर्थिक सहायता एवं सम्मानजनक आयोजन की सुविधा मिल रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार ने सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दाम्पत्य जीवन की सफलता आपसी प्रेम, विश्वास, सम्मान एवं परस्पर सहयोग पर निर्भर करती है। सभी नवदम्पत्ति एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए पारिवारिक एवं सामाजिक दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों के सुखमय, समृद्ध एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर देशभूषण कंडाकर ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवाह जीवन का एक पवित्र एवं महत्वपूर्ण संस्कार है, जो दो व्यक्तियों को विश्वास, समर्पण एवं सहयोग के अटूट बंधन में बांधता है। पति-पत्नी एक-दूसरे के प्रति प्रेम एवं सम्मान की भावना रखते हुए अपने पारिवारिक जीवन को खुशहाल बनाएं तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में भी अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना महज विवाह आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समानता, समरसता एवं सामूहिक सहभागिता का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता के साथ सम्मानजनक अवसर भी प्राप्त हो रहा है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद के समस्त विकास खण्डों एवं 09 नगर पालिका/नगर पंचायतों से चयनित कुल 601 जोड़ों का विवाह सम्पन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग प्रदान करना तथा समाज में सामाजिक समरसता, समानता एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस योजना के माध्यम से विभिन्न समुदायों के पात्र जोड़ों को एक ही मंच पर सम्मानजनक वातावरण में विवाह का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।

समारोह के दौरान पूरे परिसर में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना रहा। वैदिक मंत्रोच्चार एवं मांगलिक गीतों के बीच विवाह संस्कार सम्पन्न हुए, वहीं मुस्लिम जोड़े का निकाह पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार कराया गया। सभी 601 नवदम्पत्तियों ने एक-दूसरे के साथ जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लेते हुए अपने नए जीवन का शुभारंभ किया। शासन की ओर से उपलब्ध कराई गई आर्थिक सहायता, उपहार सामग्री एवं सुव्यवस्थित आयोजन से लाभार्थी परिवारों में विशेष प्रसन्नता देखने को मिली। लाभार्थियों एवं उनके परिजनों ने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत एवं सहारा है।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमन्त सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाभार्थियों के परिजन उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow