मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 160 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाजों से सम्पन्न हुआ विवाह
हमीरपुर, संवाददाता। उत्तर प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बुधवार को जनपद हमीरपुर के राजकीय डिग्री कॉलेज, कुछेछा में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न विकास खंडों के कुल 160 जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सकुशल संपन्न कराया गया।
समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है, जो सामाजिक समरसता को भी सुदृढ़ करती है।
कार्यक्रम में सदर विधायक मनोज प्रजापति, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार राघवेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी हिमांशु अग्रवाल, खंड विकास अधिकारी सुमेरपुर श्वेता तिवारी, खंड विकास अधिकारी कुरारा ज्ञान प्रकाश, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में ब्रज किशोर गुप्ता भी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन सर्वेश द्विवेदी एवं ज्ञानेंद्र द्विवेदी द्वारा किया गया। आयोजन के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण रहीं तथा नवदंपतियों एवं उनके परिजनों में उत्साह एवं हर्ष का वातावरण देखने को मिला।
What's Your Reaction?