भीषण गर्मी में नगर पालिका बनी सहारा, जगह-जगह शुरू हुई शीतल जल सेवा
उतरौला (बलरामपुर), संवाददाता। भीषण गर्मी और तेज लू के प्रकोप से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से आदर्श नगर पालिका परिषद उतरौला द्वारा नगर क्षेत्र में निःशुल्क शीतल जल एवं प्याऊ की विशेष व्यवस्था की गई है। नगर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए प्याऊ राहगीरों, यात्रियों और आमजन के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। नगर पालिका की इस जनहितकारी पहल की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा बढ़ते तापमान को देखते हुए नगर के टैक्सी स्टैंड, अम्बेडकर चौराहा, नगर पालिका परिषद कार्यालय परिसर, रोडवेज बस स्टैंड सहित अन्य भीड़भाड़ वाले प्रमुख स्थलों पर प्याऊ स्थापित किए गए हैं। यहां लोगों को निःशुल्क ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। भीषण गर्मी में जहां दोपहर के समय सड़कों पर निकलना मुश्किल हो रहा है, वहीं इन प्याऊ से राहगीरों को काफी राहत मिल रही है।
चेयरमैन प्रतिनिधि अनूप चंद गुप्ता ने बताया कि गर्मी के मौसम में लोगों को सबसे अधिक परेशानी पेयजल को लेकर होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था कराई गई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्याऊ पर पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की गई है तथा लोगों को पानी पिलाने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर पालिका कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है। गर्मी के इस कठिन दौर में लोगों को स्वच्छ और शीतल पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता में शामिल है।
प्याऊ के अतिरिक्त नगर क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख स्थानों पर लगभग 50 वाटर कूलर भी लगाए गए हैं। इन वाटर कूलरों के माध्यम से लोगों को स्वच्छ, ठंडा और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। बाजारों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर आने-जाने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।
स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने नगर पालिका परिषद की इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि तपती गर्मी में यह व्यवस्था किसी राहत से कम नहीं है। लोगों का कहना है कि नगर में सार्वजनिक स्थानों पर ठंडे पानी की उपलब्धता से यात्रियों, रिक्शा चालकों, मजदूरों और आम राहगीरों को काफी सुविधा मिल रही है।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा किए गए इस प्रयास को जनसेवा की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।
What's Your Reaction?