डीएम-एसएसपी ने भूमियां बाबा मंदिर पहुंच व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अलीगढ़, संवाददाता। जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन द्वारा शनिवार को श्रावण मास के दृष्टिगत कांवड़ शिव भक्तों द्वारा किए जाने वाले जलाभिषेक को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से भूमियां बाबा मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। जिला मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिए कि श्रावण में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादोन ने कहा कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखी जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष प्लान लागू किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। इस दौरान जिला मजिस्ट्रेट एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसडीएम गभाना हरिश्चंद्र और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?