कटरा बाजार में 20 वर्षीय युवक की हत्या

Sep 21, 2026 - 20:57
 0  13
कटरा बाजार में 20 वर्षीय युवक की हत्या

गोण्डा, संवाददाता। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के अशोकपुर पंचायत के दुबेपुरवा गांव में 20 वर्षीय प्रदीप दुबे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार रात हुई वारदात को कटरा बाजार पुलिस पहले सड़क हादसा बताकर पल्ला झाड़ रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम में शरीर पर 7 गहरी चोटें मिलने और परिजनों के शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार करने के बाद मामला गरमा गया।

परिजनों का आरोप है कि युवक के शरीर पर धारदार हथियार के गहरे निशान थे, आरोपी घरों में ताला लगाकर फरार हो गए, फिर भी थानाध्यक्ष अजय कुमार तिवारी इसे प्रथम दृष्टया एक्सीडेंट बता रहे थे। इससे पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए और गांव में आक्रोश फैल गया।

मृतक के पिता भवानी प्रसाद दुबे ने बताया कि गांव के ही राजकुमार सिंह, राकेश सिंह, राम बहोरे सिंह व दो अज्ञात पुरानी रंजिश में बेटे को जान से मारने की धमकी देते थे। 19 सितंबर रात 8 बजे प्रदीप सब्जी लेने गया था। लौटते समय पांडेपुरवा के आगे नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई और मोटरसाइकिल तोड़कर आरोपी गाली-गलौज करते हुए भाग गए।

आक्रोश बढ़ने पर पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उच्चाधिकारियों से वार्ता की। उनके अथक प्रयास के बाद थाना कटरा बाजार में मु.अ.सं. 0228/26 के तहत हत्या की धाराओं में 3 नामजद व 2 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो सकी।

पूर्व विधायक ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा और 1 करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की है। गांव में अभी तनाव व्याप्त है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow