जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को लेकर सीडीओ ने की समीक्षा बैठक
अमेठी (संवाददाता)। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या की गणना को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू की अध्यक्षता में सभी चार्ज अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनगणना कार्य की तैयारियों, कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण, आपसी समन्वय तथा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्य संपन्न कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में तैनात प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के साथ तत्काल बैठक कर लें तथा उन्हें जनगणना के द्वितीय चरण से संबंधित कार्यों, निर्धारित प्रक्रिया एवं दायित्वों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी अधिकारी अपने आवंटित क्षेत्रों में तैयारियों की नियमित समीक्षा करें तथा प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करें, जिससे जनगणना का कार्य निर्धारित समयसीमा में शुद्धता एवं गुणवत्ता के साथ पूरा हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह ने भी सभी चार्ज अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को उनके कार्यक्षेत्र, जिम्मेदारियों और गणना प्रक्रिया के संबंध में पूरी जानकारी दी जाए। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनगणना कार्य निर्बाध रूप से संचालित हो सके।
जनसामान्य की सुविधा के लिए जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में स्वगणना की व्यवस्था भी की गई है। इसके अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं एवं अपने परिवार से संबंधित निर्धारित जानकारियां दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक विशिष्ट स्वगणना आईडी प्राप्त होगी। इस आईडी को सुरक्षित रखें तथा अपने घर आने वाले प्रगणक को दिखाएं, जिससे दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन एवं संबंधित प्रक्रिया पूरी की जा सके।
स्वगणना की अवधि समाप्त होने के बाद 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान वे प्रत्येक परिवार से जनगणना से संबंधित निर्धारित 40 प्रश्न पूछकर आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे। जिन परिवारों ने स्वगणना के माध्यम से अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर दी होगी, उन्हें भी प्रगणक के घर पहुंचने पर अपनी स्वगणना आईडी उपलब्ध करानी होगी, ताकि विवरण का मिलान एवं सत्यापन किया जा सके।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। निर्धारित अवधि में स्वगणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें तथा घर-घर गणना के दौरान प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में पूरा सहयोग करें। साथ ही, प्रगणक के घर पहुंचने पर स्वगणना आईडी अवश्य दिखाएं। जनगणना में उपलब्ध कराई गई सटीक जानकारी भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं संसाधनों के बेहतर नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बैठक में संबंधित चार्ज अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?