मण्डलायुक्त ने किया मंडल स्तरीय दिव्यांगजन दीपावली मेले का शुभारंभ
अलीगढ़ (संवाददाता)। दिव्यांगजनों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने, उनके हुनर को नई पहचान दिलाने तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आज मैरिस रोड स्थित शहनाई मैरिज हॉल, अलीगढ़ में आजाद फाउंडेशन सोसाइटी एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘उम्मीदों की रोशनी’ मंडल स्तरीय दिव्यांगजन दीपावली मेला-2026 का भव्य आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मंडलायुक्त ओ.पी. आर्य ने फीता काटकर किया।
मण्डलायुक्त ने इस अवसर पर आयोजित मेले में दिव्यांगजनों द्वारा स्वयं तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनके हुनर, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों में प्रतिभा और कौशल की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि उनकी प्रतिभा को उचित मंच, प्रोत्साहन एवं बाजार उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों के हुनर को निखारने, उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। मेले में दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित आकर्षक हस्तनिर्मित दीपावली उत्पाद, पारंपरिक मिट्टी के दीये, रंग-बिरंगी मोमबत्तियां, सजावटी सामग्री, आकर्षक उपहार सामग्री, उत्कृष्ट हस्तशिल्प एवं विभिन्न कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई है। इन उत्पादों में दिव्यांगजनों की मेहनत, रचनात्मकता और आत्मनिर्भर बनने का संकल्प स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
मण्डलायुक्त ने कहा कि यह उन लोगों के लिए गौरव है, जो लोग इसमें लगे हुए है और दिव्यांगजनों के हुनर को निखारने का प्रयास कर रहे हैं। कोशिश करें कि इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन और अधिक बढ़ाया जाए। दिव्यांगजनों के बेहतर भविष्य के लिए दिव्यांगजनों के हुनर, निर्मित प्रोडक्ट को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए। दिव्यांगजनों की आर्थिक उन्नति के साथ-साथ और ज्यादा आत्मविश्वास पैदा किया जाएगा। दिव्यांगजन किसी से कम नहीं हैं, इसलिए सामूहिक विकास योजनाओं से जोड़कर जीवन को बेहतर बनाया जाए।
उन्होंने अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदारी करें। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि उनके आत्मविश्वास एवं स्वावलंबन को भी नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के उत्पादों को प्रोत्साहन देना उनके सम्मान, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अलीगढ़ योगेंद्र कुमार, उपनिदेशक दिव्यांगजन पारिशा मिश्रा, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, अन्य संबंधित अधिकारीगण, आजाद फाउंडेशन के प्रतिनिधि, दिव्यांगजन व शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?