राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जगदीशपुर में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Nov 13, 2026 - 21:31
 0  12
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जगदीशपुर में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अमेठी (संवाददाता)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जगदीशपुर में शुक्रवार को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व ब्लॉक प्रमुख जगदीशपुर राजेश विक्रम सिंह, निदेशक सी-टेड इंजीनियर संजय सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी, संजय गांधी पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य इंजीनियर राम रतन, ए.एच. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मान सिंह राठौर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुलक यादव द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। 

कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अजय कुमार सिंह ने बताया कि विज्ञान क्लब द्वारा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न विद्यालयों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं वैज्ञानिक सोच से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी। 

कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगदीशपुर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुलक यादव ने छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किशोरावस्था में बालिकाओं के लिए प्रोटीन एवं आयरन युक्त भोजन अत्यंत आवश्यक है। शरीर में आयरन की कमी से एनीमिया जैसी समस्या उत्पन्न हो सकती है, जिसका समय रहते उपचार और उचित खान-पान के माध्यम से बचाव किया जा सकता है। 

उन्होंने बालिकाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने तथा स्वच्छता की आदतों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। ए.एच. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मान सिंह राठौर ने कहा कि स्वस्थ मस्तिष्क का वास स्वस्थ शरीर में होता है। बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित दिनचर्या, पौष्टिक भोजन एवं स्वच्छ वातावरण आवश्यक है। 

वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने कहा कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास में स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका है। शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने पर ही बालिकाएं शिक्षा सहित जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश विक्रम सिंह ने स्वच्छता के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं बेहतर समाज के निर्माण की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान देना चाहिए। 

कार्यक्रम में कक्षा 9 की छात्रा जान्हवी साहू ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सकारात्मक बदलाव की शुरुआत स्वयं से करनी चाहिए। अच्छे स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार, नियमित योग एवं व्यायाम तथा पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन आवश्यक है। उन्होंने सभी छात्राओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वच्छता को अपनी आदत बनाने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया से बचाव, योग, व्यायाम एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow