थाना कुरारा पुलिस की तत्परता एवं साहसिक प्रयास से तालाब में डूब रहे युवक को सकुशल बचाया गया
हमीरपुर (संवाददाता)। कुरारा कस्बा शराब के नशे में शनिवार को वार्ड नंबर 3 निवासी नशे की हालत में घर में विवाद कर रहा था, घर वालों ने उसे भगा दिया। गूगल गांव के बाहर बने तालाब में वह कूद गया।
थाना कुरारा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि क्षेत्रान्तर्गत एक युवक तालाब में डूब गया है। सूचना प्राप्त होते ही पीआरवी टीम एवं थाना कुरारा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर जानकारी हुई कि अरविन्द पुत्र लाखन, उम्र करीब 35 वर्ष, निवासी वार्ड नं0 03, कस्बा व थाना कुरारा घरेलू विवाद के चलते तालाब में कूद गया है तथा गहरे पानी में डूब रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक की जान बचाने के लिए थाना कुरारा पुलिस टीम द्वारा बिना समय गंवाए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। इस दौरान थाना कुरारा पुलिस के कांस्टेबिल लवकुश पटेल एवं कांस्टेबिल जितेन्द्र सिंह ने अदम्य साहस एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए रिम एवं रस्से की सहायता से गहरे तालाब में प्रवेश किया तथा काफी मशक्कत के बाद तालाब के बीच गहरे पानी में डूब रहे अरविन्द को सकुशल बाहर निकाल लिया।
इसके उपरान्त पुलिस टीम द्वारा तत्काल युवक को सीएचसी कुरारा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई गई। तत्पश्चात युवक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
What's Your Reaction?