नशे के सौदागर पर बाड़मेर पुलिस का बड़ा आर्थिक प्रहार, हिस्ट्रीशीटर कौशलाराम की 3.37 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज
जयपुर। महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेश में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में मादक पदार्थ तस्करी से अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध बाड़मेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधी कौशलाराम और उसके परिजनों के नाम पर अर्जित कुल 3 करोड़ 36 लाख 79 हजार 665 रुपये की संपत्ति फ्रीज करवाई है। एनडीपीएस एक्ट के अध्याय 5-ए के तहत की गई इस कार्रवाई को सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली ने सुनवाई के बाद स्वीकृति प्रदान कर दी है। फ्रीज की गई संपत्तियों में चार वाहन, आवासीय मकान, निर्माणाधीन मकान, भूखंड, तीन मंजिला भवन, कृषि भूमि, मेसनरी स्टोन खनन पट्टा तथा शराब की दुकान शामिल हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय एवं जोधपुर रेंज के निर्देशानुसार मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य एवं वृत्ताधिकारी बायतु दीपेन्द्र सैनी के सुपरविजन में पुलिस थाना बायतु द्वारा यह कार्रवाई की गई।
17 आपराधिक प्रकरण दर्ज, 7 मामलों में 4,465 किलो से अधिक डोडा पोस्त बरामद
पुलिस थाना बायतु का हिस्ट्रीशीटर कौशलाराम पुत्र खेराजराम निवासी सउओ की ढाणी, भोजासर के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कुल 17 प्रकरण दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के 7 प्रकरणों में करीब 4,465.60 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया है। पुलिस थाना सिवाना में दर्ज प्रकरण संख्या 105/2023 में आरोपी से जुड़े तीन वाहनों से 1,249.800 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ था।
आरोपी के विरुद्ध दर्ज एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में सिरियारी, निम्बाहेड़ा सदर, छोटी सादड़ी, सुमेरपुर, सिवाना एवं गिड़ा थानों में दर्ज मामले शामिल हैं। इन मामलों में डोडा पोस्त के अतिरिक्त अफीम एवं एमडी की भी बरामदगी हुई है।
वित्तीय अनुसंधान में सामने आई तस्करी से संपत्ति अर्जित करने की बात
थानाधिकारी पुलिस थाना बायतु खेताराम द्वारा कौशलाराम एवं उसके परिजनों की संपत्तियों का वित्तीय अनुसंधान किया गया। जांच में सामने आया कि परिवार के पास संपत्तियां अर्जित करने का कोई वैध आय स्रोत नहीं था तथा ये संपत्तियां मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित आय से खरीदी गई थीं।
इस पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत 9 अक्टूबर 2026 को संपत्ति फ्रीज करने का आदेश जारी कर पुष्टि के लिए सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, नई दिल्ली को भेजा गया। सक्षम प्राधिकारी ने सुनवाई के बाद कुल 3,36,79,665 रुपये की संपत्ति फ्रीज करने के आदेशों की पुष्टि कर दी।
इन संपत्तियों को किया गया फ्रीज
फ्रीज की गई संपत्तियों में चार वाहन शामिल हैं। इनमें टोयोटा हाइलक्स पिकअप, हुंडई क्रेटा, महिंद्रा बोलेरो कैंपर एवं महिंद्रा स्कॉर्पियो शामिल हैं। इनके अतिरिक्त सउओ की ढाणी, भोजासर में आवासीय एवं निर्माणाधीन मकान, बालोतरा के मां विरात्रा विहार-6 में आवासीय भूखंड एवं उस पर निर्मित तीन मंजिला भवन, जैसलमेर जिले के रामगढ़ में दो मुरब्बा कृषि भूमि, मेसनरी स्टोन खनन पट्टा तथा शराब की दुकान फ्रीज की गई है।
इन संपत्तियों का कुल मूल्य 3 करोड़ 36 लाख 79 हजार 665 रुपये आंका गया है। इनमें कौशलाराम के साथ उसकी पत्नी, भाई एवं भाई की पत्नी के नाम पर अर्जित संपत्तियां भी शामिल हैं।
संपत्तियों के हस्तांतरण और लेन-देन पर रोक
संपत्ति फ्रीज होने के बाद अब इनका विक्रय, हस्तांतरण अथवा किसी भी प्रकार का अन्य लेन-देन नहीं किया जा सकेगा। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एम के अनुसार ऐसा कोई भी हस्तांतरण शून्य होगा। इस संबंध में परिवहन, राजस्व, पंजीयन, नगर परिषद, आबकारी, खनिज विभाग एवं संबंधित बैंकों को सूचित करने की कार्रवाई की जा रही है।
मंगलवार को पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने कौशलाराम के सउओ की ढाणी, भोजासर स्थित आवासीय एवं निर्माणाधीन दोनों मकानों पर संपत्ति फ्रीज होने संबंधी सूचना बोर्ड भी लगाए।
नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने की कार्रवाई
बाड़मेर पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित अवैध कमाई को जब्त करने के साथ तस्करों को उसके आर्थिक लाभ से वंचित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों एवं उनकी अवैध संपत्तियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को कौशलाराम द्वारा अर्जित किसी अन्य संपत्ति के संबंध में जानकारी हो तो पुलिस थाना बायतु के थानाधिकारी के मोबाइल नंबर 8949505551 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
What's Your Reaction?