पराली जलाने पर रोक लगाने के लिए प्रचार वाहन रवाना, डीएम ने किसानों से की अपील
हरदोई (संवाददाता)। जनपद में पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने और किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बिलग्राम तहसील परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत यह वाहन ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान और उसके वैज्ञानिक प्रबंधन के बारे में जागरूक करेगा। डीएम ने किसानों से अपील की कि वे खेतों में पराली न जलाएं और आधुनिक कृषि तकनीकों से उसका उचित प्रबंधन करें।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक डा0 राजेश कुमार ने कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है और भूमि में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं। किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं, अनुदान पर उपलब्ध कृषि यंत्रों और वैज्ञानिक तकनीकों का लाभ उठाकर फसल अवशेषों का निस्तारण करना चाहिए तथा यह भी बताया कि पराली जलाने पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के तहत जुर्माने सहित दंडात्मक कार्यवाही का प्रावधान है। 02 एकड़ कृषि भूमि तक रु0 5000/-, 02 से 05 एकड़ भूमि तक रु0 10000/- तथा 05 एकड़ से अधिक भूमि तक रु0 30000/- जुर्माने को प्राविधान है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य किसानों को जागरूक कर पराली जलाने की घटनाओं को रोकना है। पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम के लिए लेखपालों, कृषि विभाग एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण कर किसानों को जागरूक कर फसल अवशेष न जलाने तथा पराली के उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही सेटेलाइट के माध्यम से भी पराली जलाने की घटनाओं की सतत निगरानी की जा रही है। सेटेलाइट से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नहने राम, तहसीलदार बिलग्राम दीपक गौतम सहित कृषि विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?