दिव्यांगजनों के जीवन को गति देने की दिशा में बड़ा कदम, 95 लाभार्थियों को मिली ट्राई साइकिल
अमेठी, संवाददाता। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित दिव्यांग जनों हेतु निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण योजना के अंतर्गत मंगलवार को विकास भवन सभागार, गौरीगंज में ट्राई साइकिल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित कर उनके जीवन को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। इस दौरान कुल 95 दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल प्रदान की गई, जिससे लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम का शुभारंभ संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी एवं मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की मंशा है कि दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और किसी भी प्रकार की असुविधा उनके विकास में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि ट्राई साइकिल जैसे सहायक उपकरण दिव्यांगजनों की गतिशीलता बढ़ाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी सुविधा एवं सम्मान सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। ट्राई साइकिल वितरण से दिव्यांगजन अपने दैनिक कार्यों को अधिक सुगमता से कर सकेंगे तथा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने बताया कि गत वर्ष जिले के सभी विकासखंडों में विशेष कैंप आयोजित कर दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कराया गया था। उसी क्रम में पात्र लाभार्थियों को आज ट्राई साइकिल वितरित की गई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन शासन की मंशा के अनुरूप पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाए। ट्राई साइकिल प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों ने खुशी जाहिर करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सहायता से उनके आवागमन में काफी सुविधा होगी और वे अपने कार्यों को अधिक सहजता से कर पाएंगे।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए ऐश्वर्य यादव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख तिलोई कृष्ण कुमार सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विकास मौर्या सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?