जिला अस्पताल में युवक की मौत के बाद बवाल, डॉक्टरों से मारपीट
हमीरपुर, संवाददाता। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मंगलवार सुबह एक युवक की मौत के बाद तीमारदारों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि गुस्साए परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ से मारपीट की, इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़ की और एक स्टाफ नर्स का ईसीजी मशीन के तार से गला दबाने की कोशिश की।
घटना के बाद कुछ समय के लिए अस्पताल की ओपीडी सेवाएं प्रभावित रहीं, हालांकि बाद में सभी सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होने लगीं। बिवार थाना क्षेत्र के अटरार गांव निवासी 18 वर्षीय जितेंद्र सिंह को सल्फास खाने के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया था। ड्यूटी पर तैनात डॉ. महेंद्र कुमार सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर किया। एंबुलेंस में ले जाते समय हालत बिगड़ने पर उसे दोबारा इमरजेंसी में लाया गया, जहां ईसीजी जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होते ही साथ आए 10 से 15 लोग उग्र हो गए।
आरोप है कि उन्होंने डॉ. महेंद्र कुमार सिंह के साथ मारपीट की, कपड़े फाड़ दिए तथा चेन, अंगूठी और घड़ी छीन ली। डॉक्टर को बचाने पहुंचे सुरक्षा कर्मियों के साथ भी अभद्रता की गई। नगर कोतवाली पुलिस के अनुसार, डॉ. महेंद्र कुमार सिंह की तहरीर पर कौशल पुत्र अश्वनी निवासी अटरार तथा उसके 10-15 अज्ञात साथियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं, एससी/एसटी एक्ट और उत्तर प्रदेश चिकित्सा सेवा व्यक्ति एवं चिकित्सा सेवा संस्थान (हिंसा एवं संपत्ति क्षति निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
What's Your Reaction?