विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट को दिया गया प्रशिक्षण, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से कराया गया अवगत
अमेठी (संवाददाता)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी, निर्बाध एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने निर्वाचन संबंधी तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों में तैनात किए गए 125 सेक्टर मजिस्ट्रेट को दो पालियों में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, निर्वाचन संबंधी दायित्वों एवं कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट निर्वाचन प्रक्रिया की एक अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। वे एक ओर पीठासीन अधिकारियों एवं पोलिंग पार्टियों तथा दूसरी ओर रिटर्निंग ऑफिसर और जिला निर्वाचन अधिकारी के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ प्राप्त करें तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या अथवा असुविधा उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों का अनिवार्य रूप से स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का विशेष रूप से परीक्षण किया जाए। इसमें रैंप, विद्युत कनेक्शन, पेयजल, शौचालय, आवश्यक फर्नीचर तथा मतदान केंद्र तक पहुंचने वाले मार्ग की स्थिति सहित अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं। यदि कहीं कोई कमी अथवा अव्यवस्था पाई जाती है तो उसकी तत्काल जानकारी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएं, जिससे निर्वाचन से पूर्व ही सभी कमियों को दूर कराया जा सके।
उन्होंने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का विशेष रूप से निरीक्षण करने तथा वहां की स्थिति का समुचित आकलन करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक मतदान केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कराई जाएं। जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने क्षेत्र के संबंधित बीएलओ एवं सुपरवाइजर के साथ बैठक कर मतदाता सूची की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र पर पंजीकृत कुल मतदाताओं की संख्या, पुरुष एवं महिला मतदाताओं की संख्या सहित अन्य आवश्यक जानकारियां अद्यतन रूप में उपलब्ध होनी चाहिए। इसके साथ ही संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर से नियमित समन्वय स्थापित करते हुए क्षेत्र में आने वाली समस्याओं एवं कमियों से समय रहते अवगत कराया जाए, ताकि उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर सात्विक श्रीवास्तव द्वारा प्रोजेक्टर के माध्यम से सेक्टर मजिस्ट्रेट को विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों, सेक्टर मजिस्ट्रेट के दायित्वों, मतदान केंद्रों के निरीक्षण, निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं तथा निर्वाचन के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनपद की चारों विधानसभाओं में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?