सैनिक स्कूल अमेठी के कैडेट्स ने चलाया नशा मुक्त भारत अभियान
अमेठी (संवाददाता)। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से सैनिक स्कूल अमेठी के एनसीसी कैडेट्स द्वारा “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल सतवीर सिंह तंवर तथा प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल भरत पाटनी की प्रेरणा एवं अनुमति से आयोजित इस अभियान का नेतृत्व सीटीओ मुन्ना कुमार शर्मा ने किया।
अभियान के दौरान सूबेदार गणेश सिंह राठौर एवं हवलदार नीलेश जाधव ने कैडेट्स का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के अंतर्गत एनसीसी कैडेट्स ने पीएम श्री स्कूल रामगंज तथा जनता इंटर कॉलेज, रामगंज कौहार में नुक्कड़ नाटक, लघु नाटक एवं एकांकी प्रस्तुत कर विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
कैडेट्स ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक जीवन एवं सामाजिक प्रतिष्ठा पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। इसी क्रम में रामगंज क्षेत्र में एक जागरूकता रैली भी निकाली गई।
रैली के दौरान कैडेट्स ने विभिन्न नारों एवं जनसंदेशों के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया तथा “नशामुक्त समाजकृस्वस्थ समाज” का संदेश दिया। रैली में कैडेट्स का अनुशासन, उत्साह और सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पण लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को नशामुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करना था।
सैनिक स्कूल अमेठी के कैडेट्स की इस सराहनीय पहल की शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रशंसा करते हुए इसे समाज हित में एक महत्वपूर्ण अभियान बताया।
What's Your Reaction?