सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Oct 1, 2026 - 21:35
 0  7
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अमेठी (संवाददाता)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन एवं संवाद सामाजिक संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत जनापुर (जामो) तथा गौरीगंज क्षेत्र में बाल विवाह रोकथाम एवं बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, कानूनी प्रावधानों तथा बच्चों एवं महिलाओं के हित में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था। 

कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के अनुसार विवाह के समय लड़की की आयु 18 वर्ष से कम तथा लड़के की आयु 21 वर्ष से कम होने पर वह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। 

उन्होंने कहा कि बाल विवाह कराना, उसमें सहयोग करना अथवा उसे बढ़ावा देना कानूनन दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों को दो वर्ष तक के कठोर कारावास एवं एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि बाल विवाह में शामिल माता-पिता, अभिभावक, पंडित, काजी अथवा विवाह संपन्न कराने या उसे प्रोत्साहित करने वाले अन्य व्यक्ति भी कानूनी रूप से दोषी माने जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं बाल विवाह की घटना होने की सूचना मिले तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर जानकारी दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। 

कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन टीम की सदस्य रुचि सिंह ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्पॉन्सरशिप योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की। 

इस अवसर पर रोशन लाल, सुपरवाइजर द्वारा विभिन्न आपातकालीन एवं सहायता संबंधी टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों 108 (एंबुलेंस सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1090 (महिला पावर लाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) एवं 1930 (साइबर हेल्पलाइन) के बारे में जानकारी देते हुए उनके उपयोग की प्रक्रिया समझाई गई। 

कार्यक्रम के सफल आयोजन में संवाद सामाजिक संस्थान के सुनील कुमार सिंह एवं नीता तिवारी ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में जिला अस्पताल गौरीगंज के कर्मचारीगण सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह उन्मूलन, बाल संरक्षण तथा महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया तथा सामाजिक सहभागिता के माध्यम से बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow