मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम का अमेठी में शुभारंभ
अमेठी, संवाददाता। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को जनपद अमेठी में उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया।
जनपद मुख्यालय सहित सभी तहसील मुख्यालयों पर आयोजित कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को योजना की विस्तृत जानकारी देने के साथ कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। जनपद स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी तथा मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, भारतीय स्टेट बैंक की गौरीगंज एवं अमेठी शाखाओं के प्रबंधक, शिक्षक, शिक्षामित्र तथा बड़ी संख्या में विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के लिए एक ऐतिहासिक पहल है, जिससे उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी आर्थिक बोझ के उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण की धुरी हैं और उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण की चिंता करना सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार जनहितकारी योजनाओं का विस्तार कर रही है। यह योजना शिक्षकों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसी दिशा में यह कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षा विभाग के कार्मिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक पात्र लाभार्थी को समयबद्ध ढंग से योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ योजना का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम में बीएसए ने बताया गया कि जनपद अमेठी में इस योजना से बेसिक शिक्षा विभाग के कुल 11,877 कार्मिक लाभान्वित होंगे। इनमें 4,360 शिक्षक, 1,530 शिक्षामित्र, 267 अनुदेशक, 106 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के कार्मिक, 40 स्पेशल एजुकेटर तथा 3,930 मध्यान्ह भोजन रसोइये शामिल हैं। योजना के अंतर्गत पात्र कार्मिकों को सूचीबद्ध चिकित्सालयों में कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने ध्यानपूर्वक सुना। इसके पश्चात पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कैशलेस कार्ड वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से लाभ भी प्रदान किया गया।
अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना बेसिक शिक्षा विभाग के कार्मिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनपद के प्रत्येक पात्र कर्मचारी तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
What's Your Reaction?