जिलाधिकारी ने की जनसुनवाई पोर्टल पर विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा

Nov 21, 2026 - 20:58
 0  11
जिलाधिकारी ने की जनसुनवाई पोर्टल पर विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा

आजमगढ़ (संवाददाता)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार प्राप्त शिकायतों, उनके निस्तारण की स्थिति तथा शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता अथवा केवल औपचारिकता निभाने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से बैठकर जनसामान्य की शिकायतें सुनें तथा उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए अधीनस्थ जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबंधित ग्रामों में भेजकर स्थलीय जांच कराई जाए और नियमानुसार समस्या का समाधान किया जाए। केवल पोर्टल पर निस्तारण आख्या अपलोड कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान होना चाहिए।

उन्होंने निर्देश दिए कि विद्युत संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। स्थलीय निरीक्षण के दौरान संबंधित पक्षों एवं गवाहों के हस्ताक्षर भी अनिवार्य रूप से प्राप्त किए जाएं, ताकि जांच की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनी रहे।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतकर्ताओं से स्वयं संपर्क कर उनकी समस्याओं एवं निस्तारण के संबंध में फीडबैक प्राप्त करें। जिन प्रकरणों में शिकायतकर्ता असंतुष्ट हैं, उनमें संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर स्थलीय जांच करें तथा शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर वास्तविक समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिस विभाग में सर्वाधिक असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त होंगे, उसके प्रकरणों का परीक्षण कर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बिना उचित कारण कार्यालय स्तर पर शिकायतों को लंबित रखने वालों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिन ग्रामों से सर्वाधिक शिकायतें अथवा असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हो रहे हैं, वहां संबंधित अधिकारी स्वयं पहुंचकर शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित करें। समस्या के मूल कारणों की पहचान करते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि एक ही प्रकार की शिकायतें बार-बार पोर्टल पर प्राप्त न हों। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए सभी अधिकारी स्वयं शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें। कोई भी प्रकरण डिफॉल्टर श्रेणी में नहीं जाना चाहिए। शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही शिकायत के प्रभावी निस्तारण का प्रमुख आधार है।

समीक्षा के दौरान शिकायतकर्ताओं से संपर्क नहीं करने वाले विभागों में जिला समाज कल्याण अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण), खंड विकास अधिकारी मिर्जापुर, अधिशासी अधिकारी फूलपुर, जिला गन्ना अधिकारी एवं मंडी समिति सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को जिलाधिकारी ने कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत शिकायतकर्ताओं से संपर्क स्थापित कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में अधिशासी अभियंता विद्युत खंड-4 के सर्वाधिक प्रकरण डिफॉल्टर श्रेणी में पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अभियंता का वेतन रोकने तथा चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पीएम स्वनिधि योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराते हुए अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों से ऋण हेतु आवेदन कराएं। साथ ही लाभार्थियों को योजना की दूसरी किस्त उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी योजना से लाभान्वित हो सकें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कमलकिशोर देशभूषण कंडारकर, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) राजीव कुमार शुक्ला, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, डीसी एनआरएलएम डॉ. आराधना त्रिपाठी, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद, मुख्य कोषाधिकारी सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow