जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र का किया शुभारम्भ
हरदोई (संवाददाता)। उत्तर प्रदेश विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट परिसर में जिला निर्वाचन कार्यालय, हरदोई द्वारा संचालित ईवीएम/वीवीपैट प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम के अन्तर्गत ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र का शुभारम्भ जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने किया। उन्होंने ट्रेनिंग हेतु स्थापित ईवीएम मशीन के माध्यम से मतदान की सम्पूर्ण प्रक्रिया को देखा तथा वोट डालकर वीवीपैट की कार्यप्रणाली को भी देखा।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस केन्द्र का मुख्य उद्देश्य आम मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी देना है, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार का भ्रम अथवा संशय न रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि इस प्रदर्शन केन्द्र पर कोई भी मतदाता आकर ईवीएम से मतदान करने की प्रक्रिया को समझ सकता है तथा मशीन में स्वयं मतदान करके भी देख सकता है। वीवीपैट से निकलने वाली पर्ची के माध्यम से मतदाता अपने मत की पुष्टि भी कर सकेगा। यहाँ प्रशिक्षित कार्मिकों द्वारा मतदाताओं को ईवीएम के सम्बन्ध में सम्पूर्ण जानकारी भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया क़ी इसके साथ ही जनपद के विभिन्न तहसील, ब्लॉक एवं विद्यालयों में भी जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने सभी मतदाताओं, विशेषकर युवा एवं पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से अपील की है कि वे इस प्रदर्शन केन्द्र पर अवश्य आएं और मतदान प्रक्रिया को समझें। इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण हेतु रखे गए ईवीएम के वेयरहाउस का निरीक्षण भी किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों के संचालन की स्थिति आदि का गहनतापूर्वक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। उन्होंने कहा सीसीटीवी कैमरे निरन्तर संचालित रखे जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?