विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर डीएम ने ईवीएम डेमोंसट्रेशन सेंटर का किया निरीक्षण
अमेठी (संवाददाता)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जनपद में मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर ईवीएम डेमोंसट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने तहसील गौरीगंज में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रदर्शन केंद्र पर रखी बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट मशीन का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से केंद्र के माध्यम से संचालित जागरूकता अभियान की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि केंद्र पर आने वाले प्रत्येक नागरिक को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली के बारे में सरल, सहज एवं स्पष्ट भाषा में जानकारी दी जाए। साथ ही मशीनों के माध्यम से मतदान की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन कराकर लोगों की शंकाओं एवं भ्रांतियों का समाधान किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं का जागरूक होना और निर्वाचन प्रक्रिया पर उनका विश्वास बनाए रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है। ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति मतदाताओं को जागरूक करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि ईवीएम के माध्यम से मतदान करते समय मतदाता बैलेट यूनिट का बटन दबाते हैं। इसके बाद वीवीपैट मशीन की स्क्रीन पर पर्ची कुछ सेकंड के लिए दिखाई देती है, जिससे मतदाता अपने मत का सत्यापन कर सकते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम डेमोंसट्रेशन सेंटर पर अधिक से अधिक लोगों को जागरूकता अभियान से जोड़ा जाए, ताकि आगामी निर्वाचन से पहले मतदाता मतदान प्रक्रिया को भली-भांति समझ सकें और मतदान के दिन किसी प्रकार की असमंजस या परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने जनपद के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि ‘आपका वोट, आपका भविष्य’ है। इसलिए प्रत्येक मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे और आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करे।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव ने भी ईवीएम प्रदर्शन बूथ का अवलोकन किया। उन्होंने मशीनों के संचालन, वीवीपैट के माध्यम से मत की पुष्टि की प्रक्रिया तथा मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही जानकारी का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि बूथ पर आने वाले नागरिकों को मशीनों के माध्यम से मतदान का लाइव डेमो दिखाया जाए और उनकी जिज्ञासाओं का संतोषजनक समाधान किया जाए।
उल्लेखनीय है कि जनपद की अन्य तहसीलों के साथ-साथ कलेक्ट्रेट परिसर में भी ईवीएम डेमोंसट्रेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से आमजन को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली समझाई जा रही है, जिससे आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में मतदाता पूरी जानकारी और विश्वास के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
What's Your Reaction?