’“एक स्वर, एक संविधान” विषय पर आयोजित हुआ विधिक जागरूकता कार्यक्रम

Nov 20, 2026 - 19:30
 0  12
’“एक स्वर, एक संविधान” विषय पर आयोजित हुआ विधिक जागरूकता कार्यक्रम

हमीरपुर (संवाददाता)। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर राम प्यारे के दिशा-निर्देशन एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर वंदना अग्रवाल के मार्गदर्शन में शुक्रवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज, हमीरपुर में संविधान संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत “एक स्वर, एक संविधान” विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ंदना अग्रवाल एवं सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/सीएडब्ल्यू, हमीरपुर अंकित पाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सरवर आलम खान द्वारा दोनों न्यायिक अधिकारियों को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वंदना अग्रवाल ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के मूल आदर्शों को समझाते हुए कहा कि संविधान नागरिकों को अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ उनके प्रति कर्तव्यों के निर्वहन की जिम्मेदारी भी निर्धारित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

इसी क्रम में अंकित पाल ने संविधान की विशेषताओं, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देते हुए दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से संवैधानिक मूल्यों का महत्व समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित आदर्शों को अपने व्यवहार एवं आचरण में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन रहा। इसमें न्यायिक अधिकारियों, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने एक साथ प्रस्तावना का वाचन कर “एक स्वर, एक संविधान” के संदेश को सार्थक रूप दिया तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य सरवर आलम खान, शिक्षकगण तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवक पवन तिवारी एवं हुमैरा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान के मूल सिद्धांतों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, समानता एवं बंधुता की भावना विकसित करना रहा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow