शीतलहर से बचाव को लेकर डीएम सख्त, सभी नगरीय निकायों में रैन बसेरों को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश
अमेठी (संवाददाता)। ठंड एवं शीतलहर के दृष्टिगत जनपद में निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने तथा गोवंशों को ठंड से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में सभी नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों के साथ बैठक कर रैन बसेरों/सेल्टर होम एवं कान्हा गौशालाओं/गो आश्रय स्थलों में उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करते हुए शीतलहर से बचाव के लिए प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि ठंड एवं शीतलहर के दौरान निराश्रित, असहाय एवं आश्रयहीन व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी नगरीय निकायों में संचालित रैन बसेरों एवं सेल्टर होम को मिशन मोड में सक्रिय किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक रैन बसेरे में पर्याप्त साफ-सफाई एवं स्वच्छता के साथ बिस्तर, साफ बेडशीट, कंबल, गर्म पानी, शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बेडशीट एवं कंबलों की नियमित धुलाई और साफ-सफाई भी कराई जाए। महिलाओं एवं पुरुषों के ठहरने तथा शौचालय की अलग-अलग व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी रैन बसेरों के मुख्य द्वार पर संबंधित अधिशासी अधिकारी, नजदीकी चिकित्सालय, थाना प्रभारी, केयरटेकर तथा आसपास के होटल एवं ढाबों के संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएं, जिससे जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों के अधिकारी एवं कर्मचारी नियमित रूप से रात्रिकालीन भ्रमण करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी निराश्रित अथवा जरूरतमंद व्यक्ति खुले आसमान के नीचे या सड़क किनारे सोने को मजबूर न हो।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि चिकित्सा, रोजगार अथवा अन्य आवश्यक कार्यों से बाहर से आने वाले ऐसे व्यक्तियों, जिनके पास रात्रि में ठहरने की उचित व्यवस्था नहीं है, उन्हें रैन बसेरों में सम्मानजनक एवं सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, अस्पताल, प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यकता के अनुसार अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को ठंड से राहत मिल सके।
गोवंशों के संरक्षण एवं शीतलहर से बचाव को लेकर जिलाधिकारी ने सभी कान्हा गौशालाओं एवं गो आश्रय स्थलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोवंशों को ठंडी हवाओं एवं शीतलहर से सुरक्षित रखने के लिए शेड को तिरपाल, बोरों एवं पराली आदि से ढकने की समुचित व्यवस्था की जाए। गो आश्रय स्थलों में स्वच्छ एवं ताजा पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही आवश्यकता के अनुसार हीटर एवं ब्लोअर की व्यवस्था भी की जाए।
उन्होंने गौशालाओं में साफ-सफाई, पर्याप्त चारा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि ठंड के मौसम में गोवंशों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि रैन बसेरों, अलाव एवं गो आश्रय स्थलों से संबंधित सभी व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कर ली जाएं। साथ ही इन व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि जरूरतमंदों को समय से राहत मिले और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व धीरज श्रीवास्तव सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?