जंगल में मिला अज्ञात महिला का शव
हमीरपुर (संवाददाता)। मझगवां थाना क्षेत्र के गिरवर गांव के जंगल में शुक्रवार को अज्ञात महिला का सिर कटी लाश मिला। लाश का सिर न होने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। सिर गायब होने से शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस के सामने मृतका की शिनाख्त बड़ी चुनौती बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस, एसओजी और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
आसपास के जंगल में महिला के सिर की तलाश कराई गई, लेकिन देर तक उसका कोई सुराग नहीं लगा। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वायड की मदद से भी जंगल और आसपास के क्षेत्र में सिर की तलाश की गई, अभी तक सफलता हाथ नहीं लगी है।
गांव के चौकीदार सुरेंद्र कुमार अनुरागी की तहरीर पर मझगवां थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतका की पहचान और घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक एवं विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है। मृतका की शिनाख्त और घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
What's Your Reaction?