जिलाधिकारी ने पोलियो जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
हमीरपुर (संवाददाता)। जनपद में पोलियो उन्मूलन के प्रति आमजन को जागरूक करने एवं शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट परिसर, हमीरपुर से पोलियो जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक करते हुए बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहे, इसके लिए अभिभावक अपनी जिम्मेदारी निभाएं तथा स्वास्थ्य विभाग के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए नियमित रूप से पोलियो की खुराक पिलाना अत्यंत आवश्यक है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी संदेश ’दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार’ के माध्यम से भी जनसामान्य को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलका शुक्ला सहित अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, अन्य चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा रैली के प्रतिभागी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?