जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला विद्यालय एवं परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक
हरदोई, संवाददाता। गुरूवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में जिला विद्यालय एवं परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में उन्होंने समस्त विद्यालयों में संचालित वाहन व्यवस्था की सुरक्षा एवं मानकों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों के वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित किए जाएं। प्रत्येक विद्यालय यह सुनिश्चित करे कि वाहनों का फिटनेस प्रमाणपत्र, वैध बीमा, परमिट, प्रदूषण प्रमाणपत्र तथा चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस हो। विद्यालय वाहनों में अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, जीपीएस एवं सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें।
उन्होंने कहा कि वाहनों का संचालन केवल प्रशिक्षित एवं अनुभवी चालकों द्वारा किया जाए तथा चालक एवं परिचालक का चरित्र सत्यापन भी समय से कराया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सभी स्कूलों के छात्र एवं छात्राओं के अभिभावकों से वाहन दिया है कि नहीं उसका एक प्रमाण पत्र प्राप्त करने निर्देश दिए।
इस अवसर पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, पुलिस विभाग तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?