रोडवेज बस व डंपर में भिड़ंत, बस चालक एवं परिचालक सहित 14 यात्री घायल
हमीरपुर, संवाददाता। जिले के राठ डिपो से सवारियां लेकर आ रही डिपो बस की 90 डिग्री मोड पर विपरीत दिशा से आ रहे डंपर से टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक एवं परिचालक सहित कुल 14 यात्री घायल हो गए।
सूचना मिलते ही यूपी 112 पुलिस और एंबुलेंस कर्मी मौके पर पहुंच गए। घायलों को बस से निकालकर इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। घायलों में कानपुर नगर के थाना सजेती के सिरसा गांव के दंपति को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर पर रिफर किया गया है। दोनों बस में आगे वाली सीट पर बैठे थे। अन्य का जिला अस्पताल में उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को लगभग दिन में 2 बजे के आसपास राठ डिपो की बस सवारिया लेकर हमीरपुर आ रही थी। बस मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर संकरी पीपल स्थान पर पहुंची थी। इस स्थान पर 90 डिग्री का मोड है, जिस पर मुडते समय बस की सामने से आ रहे डंपर से ड्राइवर साइड वाले स्थान से टक्कर हो गई। इससे बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। डंपर का चालक और खलासी दोनों मौके से फरार हो गए।
इस घटना में 72 वर्षीय प्यारेलाल, 56 वर्षीय पत्नी मुन्नी देवी निवासी सिरसा थाना सजेती कानपुर नगर (दोनों कानपुर रिफर), 60 वर्षीय राम सजीवन निवासी सुमेरपुर, 55 वर्षीय शंकर निवासी पचखुरा थाना सुमेरपुर, 30 वर्षीय रामदेवी पत्नी बृजेंद्र, 70 वर्षीय राज बहादुर निवासीगण भरखारी थाना बिवार, 62 वर्षीय लल्लू राम, 56 वर्षीय छेदलाल पाठक बिवार, 32 वर्षीय प्रदीप निवासी उमरी थाना बिवार, 48 वर्षीय चंद्र प्रकाश निवासी बुंदेला मुस्करा, 28 वर्षीय धर्मपाल निवासी बिहुनी मुस्करा, 50 वर्षीय अखिलेश खरे निवासी तुर्रा पनवाड़ी, बस चालक 45 वर्षीय रविंद्र कुमार निवासी कुलपहाड़ जिला महोबा और परिचालक 20 वर्षीय मीनू पुत्री चंद्रपाल निवासी सरसई कुरारा है।
What's Your Reaction?