बाल श्रम उन्मूलन एवं जन-जागरूकता संगोष्ठी का हुआ आयोजन
अम्बेडकर नगर, संवाददाता। गुरुवार को भारत सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ‘‘12 साल विश्वास के, जन कल्याण के’’ अभियान के अंतर्गत आयोजित समेकित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला में कार्यालय सहायक श्रमायुक्त, पुरानी तहसील परिसर, अकबरपुर में ‘‘बाल श्रम उन्मूलन एवं जन-जागरूकता संगोष्ठी’’ का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी का उद्देश्य बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के प्रावधानों के संबंध में आमजन को जागरूक करना तथा बाल श्रम उन्मूलन हेतु जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक श्रमायुक्त सन्त पाल ने कहा कि बाल श्रम एक गंभीर सामाजिक एवं मानवीय समस्या है, जिसके प्रभावी उन्मूलन हेतु प्रशासन एवं समाज दोनों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
उन्होंने बालकों के शिक्षा के अधिकार, श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा समाज के प्रत्येक वर्ग की जिम्मेदारियों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से अपील की कि यदि कोई बालक अथवा किशोर श्रम कार्य में संलिप्त पाया जाए तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग अथवा प्रशासन को उपलब्ध कराएं, जिससे नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
संगोष्ठी के दौरान प्रतिभागियों को बाल श्रम निषेध संबंधी विधिक प्रावधानों, बाल अधिकारों तथा श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। जिला सेवायोजन अधिकारी प्रीति मिश्रा द्वारा सेवायोजन विभाग के ‘‘रोजगार संगम पोर्टल’’ एवं ‘‘सेवामित्र पोर्टल’’ के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए उपस्थित नागरिकों को रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित उपलब्ध अवसरों एवं सेवाओं के विषय में अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सक्रिय सहभागिता की गई तथा बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु अपने विचार व्यक्त किए गए।
इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी प्रीति मिश्रा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अरविन्द कुमार सोनकर, जन विकास संस्थान के कम्युनिटी सोशल वर्कर, जन शिक्षण संस्थान एवं जन साहस संस्था के जनसाथी एवं कार्यकर्ता तथा श्रम विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?