आईटीआई गौरीगंज में एक दिवसीय विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का किया गया आयोजन

Sep 21, 2026 - 20:53
 0  4
आईटीआई गौरीगंज में एक दिवसीय विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का किया गया आयोजन

अमेठी, संवाददाता। जिला सेवायोजन अधिकारी अनुभव त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को जिला सेवायोजन कार्यालय अमेठी, कौशल विकास मिशन तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गौरीगंज के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गौरीगंज परिसर में किया गया। 

उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया तथा बेरोजगार युवाओं एवं तकनीकी योग्यता प्राप्त अभ्यर्थियों का विभिन्न रिक्त पदों के लिए चयन किया। प्राप्त सूचनाओं के अनुसार अपराह्न 3 बजे तक 500 से अधिक अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन/रजिस्ट्रेशन किया जा चुका था। 

जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि मेले में युवाओं को रोजगार के साथ-साथ विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एनएसडीसी इंटरनेशनल, वाराणसी द्वारा मॉरीशस में रोजगार संबंधी जानकारी दी गई। संस्था द्वारा लगभग 140 रिक्त पदों के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन प्राप्त किए गए तथा चयन प्रक्रिया के अंतर्गत स्क्रीनिंग, लिखित परीक्षा एवं कौशल परीक्षण आयोजित किए गए। 

उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, डिप्लोमा एवं आईटीआई सहित विभिन्न शैक्षिक योग्यताओं वाले 1000 से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इसके अतिरिक्त जनपद में कौशल विकास मिशन के माध्यम से प्रशिक्षित युवाओं ने भी बड़ी संख्या में रोजगार मेले में सहभागिता की। 

रोजगार मेले का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनपद के समस्त राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर जिला सेवायोजन अधिकारी अभिनव त्रिपाठी ने रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों, मुख्य अतिथियों एवं सभी अभ्यर्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से ऐसे आयोजनों का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow