संपूर्ण समाधान दिवस खैर में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

Aug 17, 2026 - 21:23
 0  2
संपूर्ण समाधान दिवस खैर में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

अलीगढ़, संवाददाता। तहसील खैर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में विभिन्न ग्रामों व मोहल्लों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं से जुड़े प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में गौमत की कमलेश देवी ने बताया कि पक्की मेड़बंदी के उपरांत राजस्व निरीक्षक द्वारा लगवाए गए पत्थर के खम्भों को विपक्षियों द्वारा उखाड़कर फेंक दिया गया है। इस पर डीएम ने स्थलीय निरीक्षण कर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिये। खैर के जगवीर सिंह ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में सरकारी नाली पर किए गए अवैध कब्जों को पुलिस के माध्यम से कब्जामुक्त कराने का प्रार्थना पत्र दिया ताकि नाली व नलकूप की भूमि को पुनः जीवित किया जा सके। नगला दरबर के ग्रामवासियों ने नवीन परती परती की भूमि को कब्जा मुक्त कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। 

जिलाधिकारी ने सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिए कि उभय पक्षों को सुनकर निर्धारित समयसीमा के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाए। गौआश्रय स्थलों के सुव्यवस्थित ढंग से संचालन के लिए विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारियों को खैर तहसील क्षेत्र के अन्तर्गत 20 गौशालाओं को निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी खैर शिशिर सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी फरियादियों की शिकायतें सुनीं और मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow