जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील बिलग्राम में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

Aug 17, 2026 - 21:21
 0  5
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील बिलग्राम में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

हरदोई, संवाददाता। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील बिलग्राम में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में किया गया। 

जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों से वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन की जानकारी ली। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से पूछा कि उन्हें पेंशन का लाभ मिल रहा है अथवा नहीं। जिन पात्र व्यक्तियों को पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा था, उनके प्रकरणों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र पेंशन का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने फरियादियों से आयुष्मान कार्ड के संबंध में भी जानकारी ली। जिन पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने थे, उनके आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। जिन प्रकरणों का निस्तारण मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निस्तारित किया जाए तथा जिन मामलों में स्थलीय जांच अथवा अन्य विभागों से समन्वय की आवश्यकता है, उनमें निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है। अधिकारी एवं कर्मचारी संवेदनशीलता के साथ आमजन की समस्याओं को सुनें और पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

समाधान दिवस मे पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को प्रकरणों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी जेबी शैडें, उप जिलाधिकारी बिलग्राम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी भावनाथ पाण्डेय, परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य, संबंधित विभागों के अधिकारी, तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow