यूपीटीईटी-2026 को लेकर डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा

Jun 29, 2026 - 20:56
 0  4
यूपीटीईटी-2026 को लेकर डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा

आजमगढ़, संवाददाता। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के 14 परीक्षा केंद्रों पर दिनांक 2, 3 व 4 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 02 एवं 03 जुलाई, 2026 को दो पालियों में तथा 04 जुलाई, 2026 को एक पाली में यूपीटीईटी-2026 परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा जनपद के 14 परीक्षा केन्द्रों पर संपन्न होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 6432 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखना सभी अधिकारियों की सर्वाेच्च प्राथमिकता होगी।

बैठक में परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आयोग एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा की परीक्षा को पूरी गंभीरता के साथ सम्पन्न कराये। किसी भी स्तर पर शिथिलता एवं लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा की परीक्षा के दिन जनपद में कहीं भी ट्रैफिक जाम की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के   दृष्टिगत प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर शीतल पेयजल एवं विद्युत की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। सभी अधिकारी/कर्मचारी निर्धारित समय से परीक्षा के दिन अपने-अपने ड्यूटी पॉइंट पर पहुंचना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी अनिवार्य रूप से लगा होना चाहिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराए जाने हेतु प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट बैठक के उपरांत अपने-अपने परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर केन्द्र व्यवस्थापक एवं सहायक केन्द्र व्यवस्थापक से समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करेंगे।

उन्होंने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट समयानुसार निर्धारित स्थान से प्रश्नपत्र एवं गोपनीय सामग्री प्राप्त करेंगे तथा आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित परीक्षा केन्द्रों तक सुरक्षित रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा समाप्ति के उपरांत सीलबंद पैकेट एवं अन्य गोपनीय सामग्री को पुनः सुरक्षित रूप से निर्धारित स्थान पर जमा कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा दिवस पर प्रातः 06 बजे तक हर हाल में अपने परीक्षा केन्द्र पर पहुंचकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय स्थित परीक्षा कंट्रोल रूम को अपनी उपस्थिति की सूचना देंगे। प्रश्नपत्रों के पैकेट केन्द्राध्यक्ष, नामित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि, कक्ष निरीक्षकों एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में वीडियोग्राफी कराते हुए खोले जाएंगे तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि संबंधित पैकेट उसी परीक्षा केन्द्र के लिए आवंटित हो। प्रश्नपत्र वितरण एवं सम्पूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से कराई जाएगी।

बैठक में निर्देश दिए गए कि परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 प्रभावी रहेगी। इस अवधि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर फोटोस्टेट एवं कॉपी की दुकानें भी बंद रहेंगी। परीक्षा केन्द्र परिसर में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, पेजर अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा।

जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के उपरांत ही प्रवेश दिया जाए। परीक्षा केन्द्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा नकल संबंधी गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, अभिलेखों के सुरक्षित संधारण तथा आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन प्रत्येक अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता-2023 तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के प्रावधानों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.)/नोडल अधिकारी गंभीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मधुबन कुमार सिंह, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow