जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित एवं स्थायी समाधान के निर्देश

Aug 19, 2026 - 21:01
 0  10
जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित एवं स्थायी समाधान के निर्देश

हमीरपुर, संवाददाता। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए जिलाधिकारी अभिषेक गोयल द्वारा जनता दर्शन के अंतर्गत नियमित रूप से प्रतिदिन प्रातः 10ः00 बजे से दोपहर 12ः00 बजे तक जनसुनवाई की जाती है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने राजस्व, विकास, विद्युत, सड़क, पेयजल, भूमि विवाद, राशन, पेंशन सहित अन्य विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रार्थना-पत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। आवश्यकता के अनुसार तहसील एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को गूगल मीट के माध्यम से सीधे जोड़कर मौके पर ही समस्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि समस्या के मूल कारण का परीक्षण करते हुए उसका स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले फरियादियों को अनावश्यक रूप से तहसील, ब्लॉक अथवा कलेक्ट्रेट के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर स्थानीय स्तर पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि जिन मामलों का निस्तारण संबंधित तहसील अथवा ब्लॉक स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से उच्च स्तर पर लंबित न रखा जाए। संबंधित अधिकारी स्वयं प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करें तथा शिकायतकर्ता को निस्तारण की स्थिति से अवगत भी कराएं। शिकायतकर्ता की संतुष्टि और समस्या का स्थायी समाधान ही शिकायत निस्तारण की वास्तविक कसौटी होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने समस्त तहसील एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई से संबंधित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब न होने पाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई शासन की जनकल्याणकारी व्यवस्था का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए प्रत्येक फरियादी की बात संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुनी जाए और उसे न्यायसंगत समाधान उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और स्थायी समाधान जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow