किसान दिवस का हुआ आयोजन, किसानों की समस्याओं के निस्तारण हेतु अधिकारियों को दिए गए निर्देश

Aug 19, 2026 - 21:02
 0  9
किसान दिवस का हुआ आयोजन, किसानों की समस्याओं के निस्तारण हेतु अधिकारियों को दिए गए निर्देश

अमेठी, संवाददाता। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन गौरीगंज स्थित प्रेरणा सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें किसानों की विभिन्न समस्याओं को सुनकर उनके निस्तारण पर चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। 

किसान दिवस में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं। किसानों द्वारा विशेष रूप से जर्जर विद्युत पोल एवं तारों को बदलवाने, निराश्रित गोवंश, कई समितियों पर यूरिया न मिलने तथा चकमार्गों पर उगी घास की सफाई कराए जाने की मांग उठाई गई। 

किसानों ने बताया कि इन समस्याओं के कारण उन्हें कृषि कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शिकायतकर्ताओं से समन्वय स्थापित करें और उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। 

कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र कुमार निरंजन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन भी दिया गया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow