यू0पी0टेट परीक्षा-2026: डीएम ने श्री टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज में स्थापित परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण
अलीगढ़, संवाददाता। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यू0पी0टेट-2026) की पवित्रता एवं शुचिता बनाए रखने एवं निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन व शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए गुरूवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने श्री टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्री टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज में व्यवस्थाओं एवं कन्ट्रोल रूम का गहनता से परीक्षण कर केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों एवं दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे परीक्षा की शुचिता एवं विश्वसनीयता बनी रहे। श्री टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज में प्रथम पाली में 480 परिक्षार्थियों के सापेक्ष 403 उपस्थित एवं 77 अनुपस्थित जबकि द्वितीय पाली में 480 परिक्षार्थियों के सापेक्ष 409 उपस्थित एवं 71 अनुपस्थित रहे।
जिले में गुरूवार को 20 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई। प्रथम पाली में पंजीकृत 9791 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 8222 ने परीक्षा दी जबकि 1569 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परिक्षार्थियों की उपस्थिति का प्रतिशत 83.97 रहा। इसी प्रकार द्वितीय पाली में पंजीकृत 9791 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 8271 ने परीक्षा दी जबकि 1520 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परिक्षार्थियों की उपस्थिति का प्रतिशत 84.48 रहा। जिले में आगामी 03 जुलाई को भी 20 परीक्षा केंद्रों पर यू0पी0टेट-2026 परीक्षा आयोजित की जाएगी।
What's Your Reaction?